बिना खून-खराबे और एक्शन के डराएगी यह क्राइम थ्रिलर, IMDb पर 7.2 रेटिंग

Entertainment: मलयालम फिल्म ‘कलमकावल’ (Kalamkaval) इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर स्ट्रीम हो रही है। साल 2025 में रिलीज हुई इस साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर को IMDb पर 7.2 की रेटिंग मिली है। फिल्म का निर्देशन जितिन के. जोस ने किया है। इसमें मैमूट्टी, विनायकन, राजिशा विजयन, गायत्री अरुण, श्रुति रामचंद्रन और गिबिन गोपीनाथ अहम भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी सीरियल किलर सायनाइड मोहन के मामले से प्रेरित है।

फिल्म की कहानी साल 2005 से शुरू होती है। केरल और तमिलनाडु की सीमा के आसपास एक लड़की के लापता होने और अन्य घटनाओं की जांच के दौरान केरल पुलिस के स्पेशल ब्रांच ऑफिसर एसआई जयकृष्णन (विनायकन) को कई मामलों के बीच संबंध नजर आता है। जांच में कई महिलाओं की हत्याओं का पता चलता है। इसी दौरान उनकी मुलाकात तमिलनाडु क्राइम ब्रांच के एसआई स्टेनली दास (मैमूट्टी) से होती है। बाहर से शांत और सामान्य पारिवारिक जीवन जीने वाले स्टेनली के पीछे एक खौफनाक सच छिपा है। फिल्म में बेवजह के खून-खराबे के बजाय माहौल, किरदारों और कहानी के जरिए रोमांच पैदा किया गया है। हालांकि, इसकी धीमी शुरुआत और हत्यारे की पहचान पहले ही सामने आ जाने को इसकी कमजोरियों में गिना गया है।


