गम्हरिया से मनीकुई यार्ड तक बिछेगी नई रेल लाइन, ट्रेनों की लेटलतीफी होगी कम

जमशेदपुर : टाटानगर से चक्रधरपुर और चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन बेहतर बनाने के लिए रेलवे गम्हरिया से मनीकुई यार्ड तक नई रेल लाइन बिछाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत बिरराजपुर और कुनकी होकर तीन छोटी रेल लाइनों का निर्माण किया जाएगा। इन लाइनों के तैयार होने से प्रस्तावित तीसरी और चौथी रेल लाइन रेलवे यार्ड से जुड़ जाएगी। इससे ट्रेनों के यार्ड में प्रवेश और बाहर निकलने की प्रक्रिया आसान होगी तथा मुख्य रेल लाइन पर दबाव कम होगा।


नई व्यवस्था से सीनी और चांडिल मार्ग की यात्री ट्रेनों को यार्ड में रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे टाटानगर, पुरुलिया और चक्रधरपुर मार्ग पर ट्रेनों की देरी कम हो सकती है। मालगाड़ियों के परिचालन में भी सुधार होगा और खनिज, सीमेंट, कोयला समेत अन्य कच्चे माल की ढुलाई आसान होगी। ट्रेनों की बढ़ती संख्या और माल ढुलाई की जरूरतों को देखते हुए चक्रधरपुर मंडल मनीकुई और सीनी क्षेत्र में रेल लाइन की क्षमता बढ़ाने के साथ यार्ड का भी विस्तार कर रहा है। इससे टाटानगर की परिचालन क्षमता में सुधार होने की उम्मीद है।


