बादामपहाड़ स्टेशन का कायाकल्प लगभग पूरा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी उद्घाटन

जमशेदपुर : ओड़िशा के ऐतिहासिक बादामपहाड़ रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कायाकल्प लगभग पूरा हो चुका है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेशन को महिला, दिव्यांग और आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। स्टेशन पर अब महज एक-दो प्रतिशत फिनिशिंग और सफाई का काम बाकी है। इसके पूरा होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्टेशन का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 4 व 5 नवंबर के प्रस्तावित ओड़िशा दौरे के दौरान उद्घाटन संभव है।


स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर विशाल पार्किंग परिसर बनाया गया है, जहां चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था है। पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बनाए गए हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रैंप, संकेतक और बाधा रहित आवागमन की व्यवस्था की गई है। स्टेशन भवन के दोनों ओर महिला और पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग विश्राम कक्ष बनाए गए हैं। ट्रेनों की आवाजाही की जानकारी देने के लिए एलसीडी स्क्रीन लगाई गई हैं। धात्री माताओं और बच्चों के लिए बेबी फीडिंग रूम भी बनाया गया है।
स्टेशन भवन की दीवारों पर बनी पेंटिंग्स में ओड़िशा और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देती है। रात में स्टेशन भवन और सर्कुलेटिंग एरिया विशेष विद्युत प्रकाश से जगमगाएगा। स्टेशन के विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंची प्रभात खबर की टीम के अनुसार, परिसर की भव्यता और सुव्यवस्थित व्यवस्था इसे नया स्वरूप दे रही है।


