महाष्टमी पर पांच पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुबह 7:30 बजे हुई संधि पूजा

नोवामुंडी : शारदीय दुर्गा पूजा की महाष्टमी पर नोवामुंडी के पांच प्रमुख पूजा पंडालों में मां दुर्गा की आराधना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नोवामुंडी बाजार, संग्राम साई, महुदी रेलवे स्टेशन, सेंट्रल कैंप और जोजो कैंप स्थित पूजा पंडालों में सुबह से ही पूजा-अर्चना और पुष्पांजलि का सिलसिला जारी रहा। नोवामुंडी बाजार पूजा पंडाल में सुबह पांच बजे महाष्टमी की पूजा शुरू हुई, जबकि सुबह 7:30 बजे संधि पूजा संपन्न कराई गई। पूर्वाह्न 11 बजे श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित की। पंडित सुशांत पांडा, लंबोदर पांडा और सुकुमार पांडा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।

संग्राम साई पूजा पंडाल में बंगाल से आए पुरोहित ने महाष्टमी और संधि पूजा कराई। वहीं, सेंट्रल कैंप में भी बंगाल के विद्वान पंडितों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। महुदी रेलवे स्टेशन और जोजो कैंप के पूजा पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस दौरान नोवामुंडी महिला थाना प्रभारी विनीता कुमारी और सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी ने संग्राम साई पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
महाष्टमी पर विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। महिलाएं सुबह स्नान-ध्यान कर, उपवास रखकर और नए वस्त्र पहनकर पूजा की थाल के साथ पंडालों में पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की। ढाक की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू की गई है। पांचों पूजा पंडालों में सुबह से देर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।


