अगले दो दिनों में बदलेगा मौसम, कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार

रांची : झारखंड में अगले दो दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों के साथ कोल्हान प्रमंडल में कहीं-कहीं छिटपुट या हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले संताल परगना के देवघर और नाला जैसे इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा चुकी है।


मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल झारखंड के 13 जिलों में मानसून सक्रिय है। अगले दो दिनों के भीतर पूरे राज्य से मानसून की वापसी होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के बावजूद अगले चार दिनों के दौरान तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है।
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पश्चिमी सिंहभूम 35 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। जमशेदपुर में राज्य का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून की विदाई के बाद राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ हो जाएगा।


