172 इंच-किमी नई गैस पाइपलाइन बिछाने की तैयारी, 50 हजार घरों तक PNG पहुंचाने का लक्ष्य

धनबाद : धनबाद और गिरिडीह में पाइप के जरिये प्राकृतिक गैस की पहुंच बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। गेल गैस लिमिटेड ने गिरिडीह-धनबाद भौगोलिक क्षेत्र में 172 इंच-किमी पीई पाइपलाइन बिछाने के लिए अनुभवी ठेकेदारों और एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए वॉक-इन चयन की सूचना जारी की गई है। चयन में शामिल होने वाले ठेकेदारों को अपने अनुभव, तकनीकी क्षमता, उपलब्ध जनशक्ति और मशीनरी से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इसके लिए पिछले सात वर्षों के दौरान गैस, जलापूर्ति, जल निकासी, दूरसंचार या अन्य उपयोगिता क्षेत्र में पीएनजी कनेक्शन अथवा पाइपलाइन से जुड़े कम से कम एक कार्यादेश का अनुभव जरूरी है। कार्य अनुभव या कार्य पूर्णता प्रमाण-पत्र के साथ पंजीकरण प्रमाण-पत्र, पैन कार्ड, पीएफ पंजीकरण और जहां लागू हो, वहां ईएसआई पंजीकरण का प्रमाण भी देना होगा।


पीएनजीआरबी के मार्च 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार गिरिडीह-धनबाद भौगोलिक क्षेत्र में कुल 650 इंच-किमी पीई पाइपलाइन बिछाने का लक्ष्य है। मार्च 2026 तक 478 इंच-किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी थी और अब शेष 172 इंच-किमी के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है। क्षेत्र में 50 हजार घरेलू पीएनजी कनेक्शन देने के लक्ष्य के मुकाबले मार्च 2026 तक 13,320 कनेक्शन दिए जा चुके थे। इसी तरह 30 सीएनजी स्टेशन स्थापित करने के लक्ष्य में से 14 स्टेशन चालू हो चुके थे। पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार से घरेलू पीएनजी कनेक्शन और सीएनजी नेटवर्क को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
गेल गैस की सूचना के अनुसार वॉक-इन चयन प्रक्रिया सात से नौ अक्तूबर तक नोएडा में आयोजित की जाएगी। यदि चयन प्रक्रिया निर्धारित अवधि से पहले पूरी हो जाती है, तो इसके बाद मिलने वाली बोलियों पर विचार नहीं किया जाएगा। कंपनी ने कहा है कि शुद्धिपत्र, परिशिष्ट, स्पष्टीकरण या संशोधन से जुड़ी सूचना केवल गेल गैस की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इंच-किमी पाइपलाइन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मानक इकाई है, जिसमें पाइप का व्यास इंच और लंबाई किलोमीटर में मापकर दोनों को गुणा किया जाता है। उदाहरण के लिए 10 इंच व्यास का पाइप 17.2 किलोमीटर या 20 इंच व्यास का पाइप 8.6 किलोमीटर तक बिछाने पर काम की मात्रा 172 इंच-किमी होगी।


