एमएमडीआर संशोधन विधेयक पर भाजपा का झामुमो सरकार पर आरोप, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने मांगे खदान नीलामी के आंकड़े

आदित्यपुर : भारतीय जनता पार्टी की सरायकेला-खरसावां जिला इकाई की ओर से आयोजित पत्रकार सम्मेलन में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक को लेकर झामुमो सरकार पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि संसद द्वारा किए गए संशोधन झारखंड समेत किसी भी राज्य के हितों के खिलाफ नहीं हैं और इसका उद्देश्य खनन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।


डॉ. गोस्वामी ने कहा कि अलग-अलग राज्यों में खनन गतिविधियों पर विभिन्न प्रकार के कर, शुल्क और उपकर लगाए जाने से लागत बढ़ती है और नीतिगत अस्थिरता पैदा होती है। उनके अनुसार, संशोधित विधेयक का उद्देश्य पूरे देश में एक समान व्यवस्था बनाना है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्यों को रॉयल्टी, नीलामी प्रीमियम, जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ), राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण न्यास (एनएमईटी) और जीएसटी हिस्सेदारी जैसे राजस्व स्रोत मिलते रहेंगे। उन्होंने राज्य सरकार से पिछले सात वर्षों में खदानों की नीलामी और उनके संचालन से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में कोयला, लौह अयस्क, बालू और पत्थर की अवैध तस्करी जारी है, जबकि वैध खनन प्रभावित होने से मजदूरों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों के सामने रोजगार का संकट पैदा हुआ है। उन्होंने बंद पड़ी खदानों की पारदर्शी और जल्द नीलामी शुरू करने की मांग की। पत्रकार सम्मेलन में भाजपा जिला अध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान, आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार, जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष देवेश महापात्रा और अमितेश अमर, जिला मंत्री सतीश शर्मा और ललन शुक्ला, मीडिया प्रभारी गुरजीत सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी विनय कंच और पूर्व जिला अध्यक्ष गणेश कालिंदी समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।


