बैंक डकैती और ज्वेलरी दुकान में चोरी के विरोध में बाजार बंद, कारोबारियों ने मजबूत सुरक्षा की मांग की

जमशेदपुर : गोलमुरी में बैंक डकैती और ज्वेलरी दुकान में चोरी के विरोध में शनिवार को गोलमुरी बाजार बंद रहा। सुबह से बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं और सामान्य दिनों की तुलना में सड़क किनारे व बाजार क्षेत्र में सन्नाटा नजर आया। बाजार समिति ने गुरुवार को हुई दोनों आपराधिक घटनाओं के विरोध में शुक्रवार की शाम बैठक कर शनिवार को बाजार बंद रखने का फैसला लिया था। दुकानदारों ने अपराध पर रोक लगाने और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर कारोबार बंद रखा।


गुरुवार सुबह गोलमुरी स्थित केनरा बैंक की शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने 33.20 करोड़ रुपये के जेवर और नकदी लूट लिये थे। उसी रात बैंक से महज करीब 150 मीटर दूर आरती ज्वेलर्स में भी चोरी हो गयी। चोर वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुसे और करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण के साथ गल्ले में रखे 15 हजार रुपये लेकर फरार हो गये। एक ही दिन में हुई दोनों घटनाओं को लेकर कारोबारियों में काफी आक्रोश है। बाजार समिति की बैठक में दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आगे बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।
गोलमुरी पुलिस आरती ज्वेलर्स में हुई चोरी की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग तलाश रही है। भाजपा ने भी गोलमुरी बाजार बंद का समर्थन किया है। गोलमुरी भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने बताया कि पार्टी दुकानदारों के समर्थन में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी और बाजार समिति के साथ मिलकर बंद को सफल बनाने में सहयोग करेगी।


