मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की उपस्थिति पर NMC की सख्ती, बायोमेट्रिक पोर्टल पर रिकॉर्ड अपडेट करना अनिवार्य

जमशेदपुर : मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की वास्तविक उपलब्धता सुनिश्चित करने और उपस्थिति व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने सभी मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों को अपनी फैकल्टी का नेशनल मेडिकल रजिस्टर (NMR) और स्टेट मेडिकल रजिस्टर (SMR) नंबर आधार सक्षम बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम (AEBAS) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया है। इससे एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर समेत देशभर के मेडिकल संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से दर्ज होगा। नई व्यवस्था से निरीक्षण के दौरान कागज पर मौजूद लेकिन वास्तविक रूप से अनुपस्थित शिक्षकों की स्थिति सामने लाने में भी मदद मिलेगी।

मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और पीजी पाठ्यक्रमों की मान्यता, सीटों की संख्या बढ़ाने और नये विभाग शुरू करने के लिए पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की उपलब्धता महत्वपूर्ण मानक है। ऐसे में डिजिटल फैकल्टी रिकॉर्ड भविष्य के मूल्यांकन और निरीक्षण में अहम भूमिका निभायेगा। कॉलेजों को अपने शिक्षकों से संबंधित जानकारी समय पर अपडेट रखनी होगी, जिससे उनकी उपस्थिति और उपलब्धता की निगरानी अधिक पारदर्शी तरीके से की जा सके।
एनएमसी की व्यवस्था के तहत मेडिकल कॉलेजों में होने वाले औचक निरीक्षण और मूल्यांकन के दौरान डिजिटल फैकल्टी डेटा का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे संस्थानों में शिक्षकों की वास्तविक उपलब्धता का आकलन करने और शैक्षणिक मानकों को पूरा करने में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलेगी। कॉलेजों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पोर्टल पर दर्ज फैकल्टी की जानकारी अद्यतन और वास्तविक हो।


