MBBS की 250 सीटों पर नामांकन शुरू, श्रेणीवार कार्यक्रम जारी

रांची : रिम्स में MBBS की 250 सीटों पर शनिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिनमें स्टेट कोटा की 208 सीटें शामिल हैं। विद्यार्थियों को सुबह साढ़े नौ बजे एकेडमिक बिल्डिंग में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। पहले दो दिनों में सामान्य और EWS श्रेणी के 104 विद्यार्थियों का नामांकन होगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार सामान्य और EWS का नामांकन 29 और 31 अगस्त, ST के 54 विद्यार्थियों का 1 सितंबर, BC-One और BC-Two के 29 विद्यार्थियों का 2 सितंबर तथा SC एवं दिव्यांग श्रेणी के 21 विद्यार्थियों का 3 सितंबर को होगा।

रिम्स के PRO और एडमिशन कमेटी के सदस्य डॉ. शिशिर कुमार ने बताया कि सभी श्रेणियों के लिए नामांकन की तारीख और समय तय कर वेबसाइट पर जानकारी जारी कर दी गई है। आरक्षण का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच के लिए इस बार विशेष टीम मौजूद रहेगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई तक नामांकन प्रक्रिया पूरी कर JCECEB को जानकारी देनी है।
मेडिकल काउंसेलिंग कमेटी की दूसरे राउंड की केंद्रीय काउंसेलिंग 3 सितंबर से शुरू होगी। रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान 3 से 8 सितंबर, च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग 3 से 9 सितंबर और सीट आवंटन 9 एवं 10 सितंबर को होगा। परिणाम 11 सितंबर को जारी होगा तथा चयनित विद्यार्थियों को 12 से 18 सितंबर के बीच संबंधित संस्थान में रिपोर्टिंग और नामांकन पूरा करना होगा। इसके माध्यम से MBBS, BDS और BSc Nursing में ऑल इंडिया कोटा की 15 प्रतिशत सीटों सहित डिम्ड यूनिवर्सिटी, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, AIIMS और JIPMER की सीटों पर दाखिला होगा। NEET उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकेंगे, जबकि स्टेट काउंसेलिंग का दूसरा राउंड 7 सितंबर से शुरू होने की संभावना है।


