NEET UG का पहला अलॉटमेंट जारी, NIT जमशेदपुर में 761 में से 755 सीटों पर दाखिला पूरा






जमशेदपुर : मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG 2026 के पहले राउंड का अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया है। MBBS और BDS में प्रवेश के लिए पंजीकरण करने वाले विद्यार्थी MCC की आधिकारिक वेबसाइट पर रिजल्ट देख सकते हैं। पहले राउंड में कुल 29,945 सीटें आवंटित की गई हैं। सीटों का आवंटन NEET UG 2026 की रैंक, कैटेगरी और विद्यार्थियों द्वारा भरे गए विकल्पों के आधार पर किया गया है।


इधर NIT जमशेदपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों की 761 आवंटित सीटों में से 755 विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली है। 17 से 20 अगस्त तक डायमंड जुबिली लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स में फिजिकल रिपोर्टिंग हुई। सबसे अधिक 124 दाखिले कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में हुए। इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में 119, मैकेनिकल में 114, इलेक्ट्रिकल में 112, सिविल में 98, मेटलर्जिकल एंड मैटेरियल्स में 97, प्रोडक्शन एंड इंडस्ट्रियल में 62 और इंजीनियरिंग एंड कम्प्यूटेशनल मैकेनिक्स में 29 विद्यार्थियों ने रिपोर्टिंग की।वहीं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। विद्यार्थी स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाण-पत्र समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में आवेदन कर सकते हैं। जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित अध्ययन केंद्र 0502 की ओर से नामांकन और शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।


