झारखंड बंद को सफल बता बोले कुलवंत, छात्रों की मांग पर सीबीआई जांच की उठाई मांग



जमशेदपुर : भाजपा नेता एवं पूर्व खादी बोर्ड सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने झारखंड बंद को सफल बताते हुए छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान आम लोगों और दुकानदारों ने प्रतिष्ठान बंद रखकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया। बंटी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े विवादों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।


कुलवंत सिंह बंटी ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच से परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि युवा झारखंड की ताकत हैं और उनकी आवाज को लाठी या दमन के जरिए दबाया नहीं जा सकता। सरकार को छात्रों के हित में तत्काल निर्णय लेना चाहिए। बर्मामाइंस मंडल में अध्यक्ष रितेश झा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। बंटी ने सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं, नागरिकों और दुकानदारों का आभार जताया। मौके पर राजेश सिंह, सतवीर सिंह, दीपक झा, सौरभ श्रीवास्तव और सागर गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


