होटल में तीन महीने से ठहरे युवकों पर पुलिस का शिकंजा, छापेमारी में हिरासत



जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के हावड़ा ब्रिज के पास स्थित स्काईलोन होटल में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर रांची के तीन युवकों को हिरासत में लिया। तीनों युवक पिछले करीब तीन महीने से होटल के कमरा नंबर 201 और 202 में ठहरे हुए थे। लंबे समय तक होटल में ठहरने और उनकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।पुलिस ने होटल के कमरों की तलाशी लेकर दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच की तथा तीनों को पूछताछ के लिए थाना ले गई। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान रांची के रातू क्षेत्र निवासी लिंडा, सोनू और बिट्टू के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस उनके जमशेदपुर में लंबे समय तक ठहरने के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आधिकारिक बयान पूछताछ पूरी होने के बाद जारी किए जाने की बात कही गई है।




