भुईयांडीह में 145 घरों पर कार्रवाई से पहले पुनर्वास की मांग, बस्तीवासियों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन



जमशेदपुर : भुईयांडीह स्थित इंदिरा नगर और कल्याण नगर के बस्तीवासियों ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर 6 अगस्त 2026 को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है। बस्तीवासियों का कहना है कि प्रशासन झारखंड राज्य सार्वजनिक भूमि अधिग्रहण अधिनियम, 1956 के तहत लगभग 145 घरों को चिन्हित कर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। उन्होंने पुनर्वास की व्यवस्था होने तक किसी भी प्रकार की बेदखली नहीं करने की अपील की है।


ज्ञापन में कहा गया है कि इंदिरा नगर और कल्याण नगर में अधिकांश परिवार पिछले 20 से 25 वर्षों से रह रहे हैं, जबकि कई परिवार 40 वर्षों से अधिक समय से यहां निवास कर रहे हैं। इन परिवारों के बच्चों की शिक्षा, रोजगार और आजीविका पूरी तरह इसी क्षेत्र से जुड़ी हुई है। बस्तीवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में यदि घरों को तोड़ा गया तो छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित सैकड़ों लोग बेघर हो जाएंगे, जिससे गंभीर मानवीय संकट उत्पन्न हो सकता है।
बस्तीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कार्रवाई से पहले सभी पात्र परिवारों का सर्वे कराया जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी आवासीय योजनाओं के तहत उनका पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराए बिना किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या बेदखली की कार्रवाई नहीं की जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि प्रभावित लोगों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना जाए और पुनर्वास की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए। बस्तीवासियों ने कहा कि वे प्रशासन और कानून का सम्मान करते हैं, लेकिन वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों को बिना पुनर्वास के बेघर करना उचित नहीं होगा। उन्होंने उपायुक्त से मानवीय आधार पर 6 अगस्त की प्रस्तावित कार्रवाई स्थगित करने और पुनर्वास की व्यवस्था के बाद ही आगे की कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।


