रोहतास: दिनारा में स्कूल संचालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, कार्यालय में बिखरा मिला सामान, अपहरण की आशंका


रोहतास: दिनारा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निजी स्कूल के संचालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

लापता युवक की पहचान आशुतोष कुमार पिता बिष्णु भगवान सिंह गांव पिथनी थाना भानस के रूप में हुई है, जो दिनारा के जमरोड़ रोड में दिनारा पब्लिक स्कूल का संचालन करते हैं। इस मामले में उनकी मां सुनीता देवी के आवेदन पर थाना में अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। आवेदन के अनुसार, आशुतोष बुधवार (20 मई 2026) की शाम करीब 5 बजे दिनारा स्थत घर से अपने स्कूल के लिए निकले थे। जब वह देर रात 11 बजे तक घर वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
उसके बाद खोजते हुए जब मां सुनीता देवी स्कूल परिसर पहुंचीं, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गईं। स्कूल परिसर में आशुतोष की मोटरसाइकिल गिरी पड़ी थी। जबकि उनके कार्यालय के अंदर कुर्सियां इधर-उधर बिखरी पड़ी थीं। इतना ही नहीं, आशुतोष की कलाई घड़ी भी कार्यालय में टूटी हुई पाई गई। कार्यालय की स्थिति को देखकर परिजनों ने किसी बड़ी अनहोनी या जबरन उठाकर ले जाने अपहरण की आशंका जताई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दिनारा थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुलिस ने इस मामले में (कांड संख्या: 217/26) दर्ज कर ली है। यह मामला नए कानून भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 140(1) के तहत दर्ज किया गया है। जिसके बाद पुलिस अगल बगल के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है।


