सरायकेला में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश


Saraikela (संजीव मेहता) : सरायकेला-खरसावां.जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, जवाबदेही एवं संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सिविल सर्जन, सदर उपाधीक्षक, डीपीएम, सभी एमओआईसी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे. इस दौरान डीसी ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने का निर्देश दिया. दवाओं के स्टॉक, एक्सपायरी एवं नियर एक्सपायरी की सख्त निगरानी रखने को कहा. फ्री ड्रग एवं फ्री टेस्ट बोर्ड का अद्यतन प्रदर्शन सुनिश्चित करने के आदेश भी दिया. ओपीडी-आईपीडी रिकॉर्ड, लेबर रूम, ओटी एवं कोल्ड चेन रजिस्टर नियमित अपडेट रखने के निर्देश दिए. एम्बुलेंस, स्वच्छता, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए. मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और रेफरल मामलों की सख्त मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी अधिकारियों को गंभीरता एवं तत्परता के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.



