दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की बड़ी योजना, बनेगा एविएशन हब, विकास को मिलेगी रफ्तार


दरभंगा :बिहार सरकार राज्य के विमानन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर योजना पर काम कर रही है। इसी कड़ी में दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाने और इसे एक प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसके लिए मुख्यमंत्री स्तर पर कई अहम बैठकें और समीक्षा की जा रही हैं।

सरकार की योजना के अनुसार, दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं के विकास और कनेक्टिविटी को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इससे उत्तर बिहार और आसपास के क्षेत्रों को देश और विदेश से बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा।
इस पूरे मेगा प्लान का उद्देश्य बिहार को एक क्षेत्रीय एविएशन हब के रूप में स्थापित करना है। इसके तहत न सिर्फ एयरपोर्ट का विकास होगा, बल्कि लॉजिस्टिक, रोजगार और औद्योगिक अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।


