थार में छिपाकर ले जाई जा रही थी ब्राउन शुगर, पुलिस ने दो युवकों को दबोचा


लोहरदगा : चंदवा-लोहरदगा रोड पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा किया है। सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक काले रंग की थार गाड़ी से दो युवकों को गिरफ्तार किया। इस अभियान के लिए थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, पु०अ०नि० आदर्श कुमार, स०अ०नि० चंद्रदीप मेहता और सशस्त्र बल की टीम गठित की गई थी।

लोहरदगा अंचलाधिकारी की मौजूदगी में कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के पास वाहन जांच के दौरान थार को रोका गया। गाड़ी चला रहे युवक ने अपना नाम 26 वर्षीय साजन नायक, निवासी अंबेडकरनगर, लोहरदगा बताया, जबकि दूसरे युवक की पहचान 23 वर्षीय राजन कुमार महतो, निवासी ईंटा गांव, लोहरदगा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान चालक सीट के नीचे बिछे काले मैट के नीचे सफेद कागज में लपेटकर रखी गई ब्राउन शुगर बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से जांच में इसका वजन करीब 10 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थार वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 80/26 के तहत NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


