मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को वाहन ने रौंदा, दर्दनाक हादसे से इलाके में दहशत


चतरा : हंटरगंज थाना गेट के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

हादसे की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने एनएच-22 को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण लंबे समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और वाहनों की कतार लग गई। लोगों ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और जाम हटवाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मामले की जांच जारी है और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।


