झारखंड में मेडिकल शिक्षा को बड़ी सौगात, MBBS की 250 नई सीटों को मिली मंजूरी


रांची : झारखंड में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने जमशेदपुर और धनबाद के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल 250 नई सीटों को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न मेडिकल संस्थानों में 186 नई पीजी सीटों की भी स्वीकृति मिली है। इस फैसले से राज्य के छात्रों को मेडिकल पढ़ाई के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी।

जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज और धनबाद के एसएनएमएमसीएच में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं कई मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर यानी पीजी कोर्स की सीटों में भी इजाफा किया गया है। राज्य सरकार ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।
सरकार का कहना है कि नई सीटों के शुरू होने से राज्य में डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय छात्रों को बेहतर अवसर मिलेंगे और मेडिकल संस्थानों की क्षमता भी बढ़ेगी.


