पेट्रोल-डीजल को लेकर हाहाकार, सुबह 4 बजे से पंपों पर लगी लंबी कतारें


जमशेदपुर : शहर में पेट्रोल और डीजल को लेकर शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भी अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सुबह 4 बजे से ही कई पेट्रोल पंपों के बाहर वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गईं। शहर के कई पेट्रोल पंप बंद रहे, जबकि खुले पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। पिछले तीन दिनों से ईंधन लेने पहुंचे लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है और कुछ जगहों पर मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।

पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए सुरक्षा की मांग की है। शहर के 36 पेट्रोल पंपों में से अधिकांश बंद बताए जा रहे हैं। वहीं शुक्रवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। अब पेट्रोल ₹100.76 प्रति लीटर और डीजल ₹95.68 प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि पहले पेट्रोल ₹97.80 और डीजल ₹92.55 प्रति लीटर था।
जिला प्रशासन और पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदने की अपील की है। उपायुक्त राजीव रंजन ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सप्लाई सामान्य होने की जानकारी दी। प्रशासन ने कहा कि शहर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन पैनिक बाइंग के कारण हालात बिगड़ रहे हैं। कोल्हान क्षेत्र के साथ चाईबासा और सरायकेला में भी इसी तरह की स्थिति देखी जा रही है।


