विधानसभा की कार्यवाही होगी LIVE, शुभेंदु का बड़ा ऐलान, विपक्षी विधायकों को लेकर भी दिया संदेश


कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई। पहले दिन सदन में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और तृणमूल विधायक थोड़ी देर के लिए सदन से बाहर चले गए। बाद में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण कराने का बड़ा ऐलान किया और कहा कि जनता को विधायकों की गतिविधियों की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए।

सदन में बोलते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि विधानसभा को बहुदलीय लोकतंत्र और नियमों के तहत चलाया जाएगा। उन्होंने विपक्ष को अधिक अवसर देने, विधेयक और प्रश्नकाल का लाइव प्रसारण कराने तथा नए विधानसभा भवन के निर्माण की दिशा में प्रयास करने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी विपक्षी विधायक को निलंबित नहीं किया जाएगा और संवाद की प्रक्रिया जारी रहेगी।
वहीं, तृणमूल नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने चुनाव बाद हिंसा और कार्यकर्ताओं के बेघर होने का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि अगर कोई वास्तव में बेघर है तो प्रशासन को सूची दी जाए, सरकार सम्मान के साथ उन्हें घर लौटाने का काम करेगी। विधानसभा सत्र के पहले दिन दोनों पक्षों के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली।


