रिसेप्शन से लौट रही स्कॉर्पियो बनी मौत का कारण, बहन की शादी के तीन दिन बाद भाई की दर्दनाक मौत


साहिबगंज : राजमहल थाना क्षेत्र के बर्मन कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय दीपक राजवंशी की पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी बहन के रिसेप्शन समारोह से दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ लौट रहा था। इसी दौरान गाजोल के पास उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, दीपक की बहन की शादी 7 मई को गंगारामपुर में हुई थी और 10 मई को रिसेप्शन आयोजित था। लौटते समय ओवरटेक करने के दौरान स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक जोय बर्मन समेत गणेश बर्मन, शक्ति बर्मन और अमित बर्मन घायल हुए हैं। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया है।
दीपक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बहन की शादी के कुछ ही दिन बाद उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजन शव को बंगाल से राजमहल लाने के लिए रवाना हो गए हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


