20 फीट ऊंचाई से गिरे मजदूरों की मौत, सुरक्षा लापरवाही पर हंगामा, ठेकेदार फरार


आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित जयसवाल स्टील इंडस्ट्री प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 20 फीट ऊंचाई पर निर्माण कार्य कर रहे दो ठेका मजदूर संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े। गिरते समय वे नीचे काम कर रहे दो अन्य मजदूरों—ठाकुर बेसरा और रंजीत जेना—के ऊपर जा गिरे, जिससे चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ऊंचाई से गिरे दोनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गम्हरिया के नीलडूंगरी निवासी रामू मुर्मू (30) और लखींद्र हांसदा (28) के रूप में हुई है, जबकि घायल मजदूरों का इलाज एक स्थानीय नर्सिंग होम में जारी है।

हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। साथी मजदूरों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी और मजदूरों को सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट जैसे जरूरी उपकरण नहीं दिए गए थे। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते तो यह हादसा टल सकता था। स्थानीय लोगों ने भी औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रही लापरवाही पर चिंता जताई है।
घटना का एक अमानवीय पहलू यह भी सामने आया कि दोनों मृतक ठेका मजदूर थे और हादसे के बाद ठेकेदार के लोग शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। इससे मजदूरों और परिजनों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने कंपनी से उचित मुआवजा और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


