तेज रफ्तार हाइवा का कहर, सड़क पार करते ग्रामीण की मौत… गुस्साए लोगों ने लगाया जाम


LATEHAR :बालूमाथ क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरहमोरिया गांव निवासी चंद्रदेव भगत (45) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सड़क किनारे होटल से नाश्ता करने के बाद सड़क पार कर रहे थे, तभी कोयला लदा हाइवा उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। लोगों ने इस मार्ग पर हाइवा वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की और कहा कि भारी वाहनों के कारण यहां लगातार हादसे हो रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक जाम जारी रहा क्योंकि खदान प्रबंधन का कोई प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा था।


