बगहा : नगर के वार्ड 34 और 35 की सीमा पर स्थित एक बगीचे में बुधवार सुबह एक प्रेमी युगल के शव आम के पेड़ से लटके मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह बगीचे में जाने पर दोनों को एक ही पेड़ से लटका देखा गया, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई। पुलिस पहुंचकर जांच में जुट गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Advertisements

Advertisements

मृतकों की पहचान वार्ड 33 निवासी असगर अली के 19 वर्षीय पुत्र मो. मुस्तफा और वार्ड 35 के खैरकुत्ती निवासी गुलाब अंसारी की पुत्री सहाबुन नेशा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। युवक के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए लड़की के परिजनों पर आरोप लगाया और कुछ देर के लिए एनएच-727 को जाम कर दिया। बाद में पुलिस के समझाने पर स्थिति शांत हुई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है, लेकिन पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है.