जेल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सख्ती, निरीक्षण में बंदियों के इलाज पर दिए अहम निर्देश


जमशेदपुर : झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के अनुपालन में डालसा सचिव सौरभ त्रिपाठी और सिविल सर्जन साहिर पॉल ने घाघीडीह जेल का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सुविधाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने बंदियों की स्वास्थ्य समस्याओं को सीधे सुना और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान चिकित्सीय उपकरणों, दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों की तैनाती की विस्तृत जानकारी ली गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहें और किसी भी बंदी को इलाज में देरी न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जेल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाए तथा योग्य चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। इस पहल को बंदियों के अधिकार और स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


