महापौर का बस्तियों में दौरा, सड़क-नाली से पानी तक समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश


आदित्यपुर : नगर निगम के महापौर संजय सरदार ने दिन्दली बस्ती और आदित्यपुर बस्ती का विस्तृत दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बस्तीवासियों से सीधे संवाद कर सड़क, नाली, जल निकासी और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि कई जगहों पर बुनियादी सुविधाएं अभी भी संतोषजनक नहीं हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।
इसके अलावा उन्होंने आदित्यपुर बस्ती में निर्माणाधीन पानी टंकी का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र में जलापूर्ति की समस्या दूर हो सके। महापौर ने निगम के स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने के संकल्प को दोहराया।


