पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा का बड़ा दांव, 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी


कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए 144 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए। पार्टी की इस घोषणा के साथ ही राज्य की सियासत में हलचल और बढ़ गई है।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार राज्य में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को और दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। भाजपा द्वारा जारी सूची में कूचबिहार उत्तर से सुकुमार रॉय, सीतलकुची से सावित्री बर्मन, दिनहाटा से अजय रॉय, सिलीगुड़ी से डॉ. शंकर घोष, रायगंज से कौशिक चौधरी, बालुरघाट से बिद्युत रॉय सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में भी पार्टी ने कई नए और पुराने नेताओं को टिकट दिया है। मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, हावड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, पुरुलिया तथा आसनसोल क्षेत्र की कई सीटों के लिए भी उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। पार्टी का कहना है कि इन उम्मीदवारों के साथ चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई गई है।



