बिजली चोरी का खुलासा होते ही कार्रवाई, प्रतिष्ठान का कनेक्शन काटा गया; अतिक्रमण पर भी सख्ती की चेतावनी


जमशेदपुर : टाटा स्टील लैंड मैनेजमेंट और टाटा स्टील यूआईएएसएल (पूर्व में जुस्को) ने शहर के आउटर रिंग रोड इलाके में अवैध अतिक्रमण और बिजली चोरी के मामलों पर सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को संयुक्त अभियान चलाते हुए जीएसटी भवन के पास छापेमारी की गई, जहां ‘ऑल दैट ड्राइव’ नामक प्रतिष्ठान में अनियमितताएं सामने आईं। जांच के बाद मौके पर ही उस प्रतिष्ठान का बिजली कनेक्शन काट दिया गया।

कंपनी सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि आउटर रिंग रोड क्षेत्र में टाटा स्टील की जमीन पर अतिक्रमण कर व्यवसाय चलाया जा रहा है। मंगलवार को एक अधिकारी जांच के लिए पहुंचे थे, लेकिन वहां उनके साथ बदसलूकी की गई। इसके बाद गुरुवार को टाटा स्टील सिक्योरिटी और होमगार्ड जवानों के साथ एक बड़ी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ‘ऑल दैट ड्राइव’ प्रतिष्ठान में पास की दुकान ‘न्यू फर्नीचर वर्ल्ड’ से अवैध रूप से तार जोड़कर टाटा स्टील यूआईएएसएल की बिजली का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। साथ ही संचालकों द्वारा रामदास भट्ठा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की चहारदीवारी की सुरक्षा के लिए रखी गई मिट्टी भी खोदकर इस्तेमाल करने की बात सामने आई, जिससे दीवार कमजोर होकर गिरने का खतरा पैदा हो गया है। कंपनी ने तत्काल बिजली कनेक्शन काटते हुए संचालकों को चेतावनी दी है कि उनके खिलाफ झारखंड पब्लिक लैंड एनक्रोचमेंट (बीपीएलई) एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। जांच में रामदास भट्ठा से खरकई पुल तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और अनियमितताओं के संकेत मिले हैं, जिसके बाद पूरे इलाके में जल्द व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की बात कही गई है।



