धालभूमगढ़ एयरपोर्ट में देरी पर विरोध प्रदर्शन, 6 साल बाद भी काम शुरू नहीं


जमशेदपुर : कोल्हान क्षेत्र को हवाई संपर्क से जोड़ने के लिए प्रस्तावित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को जल्द शुरू करने की मांग को लेकर सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से शनिवार को गोपाल मैदान के पास पोस्टल पार्क के निकट शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया गया. इस दौरान शहर के व्यापारिक, औद्योगिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता दिखाई. चेंबर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि जनवरी 2019 में एयरपोर्ट परियोजना का शिलान्यास हुआ था, लेकिन छह साल बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पूर्वी भारत का एक प्रमुख औद्योगिक शहर है, लेकिन सीधी हवाई सेवा के अभाव में उद्योग, व्यापार, निवेश और पर्यटन के विकास में बाधा आ रही है.

चेंबर के महासचिव पुनीत कांतिया ने कहा कि लंबे समय से उद्योग जगत और नागरिक इस परियोजना की प्रतीक्षा कर रहे हैं. एयरपोर्ट बनने से कोल्हान क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और इससे उद्योगों के विस्तार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. वहीं उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी) ने कहा कि बड़े औद्योगिक शहर होने के बावजूद जमशेदपुर में हवाई सेवा नहीं होने से यह अन्य शहरों की तुलना में पिछड़ रहा है.
इस विरोध-प्रदर्शन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और वे इस मुद्दे को संसद में उठाते रहेंगे. प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम एक ज्ञापन पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से सौंपा गया, जिसे उप विकास आयुक्त मनीष पासवान को दिया गया. ज्ञापन में राज्य सरकार से केंद्र के साथ समन्वय कर परियोजना के काम को जल्द शुरू कराने की मांग की गई. इस विरोध-प्रदर्शन में लगभग 500 नागरिकों सहित कई व्यापारी और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि मौजूद थे.



