कांग्रेस के पार्षदों को बस से अगवा करने की कोशिश


चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर में गुरुवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कुछ नकाबपोश लोगों ने हाल ही में चुनाव में जीते कांग्रेस पार्टी के पार्षदों को बस से अगवा करने की कोशिश की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये पार्षद चंद्रपुर म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन के नए चुने गए सदस्य थे और नागपुर जा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन लोगों पर केस दर्ज किया है और एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि नागपुर से सटे वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे के पास एक बस चंद्रपुर नगर निगम (CMC) के नवनिर्वाचित पार्षदों को ले जा रही थी. इस बस को कुछ लोगों ने रोक लिया और कांग्रेस के सदस्यों को अगवा करने की कोशिश की.यात्रा कर रहे एक सीनियर पार्षद ने बताया कि पार्टी समर्थकों के समय पर पहुंचने और पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रण में आ सकी.मामले में राजेश अडूर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. वे भी इस बस में सवार थे. पुलिस ने इस शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि बस शाम 5.45 के करीब येलकेली टोल प्लाजा के पास थी. तभी 4-6 वाहनों से करीब 20 नकाबपोश लोग आए और बस को रोक दिया. इसके बाद कांग्रेस पार्षदों को जबरन बस से उतारने की कोशिश की.
इस बीच, घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई. सूचना मिलते ही सवांगी पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में कर लिया.पुलिस ने बताया कि नागपुर निवासी कनैन सिद्दीकी नाम के एक व्यक्ति को पार्टी कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि उसके और 5 अन्य नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में एक मामला दर्ज किया गया है.




