जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में नए सत्र के छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित


जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय परिसर में आज 10 जनवरी 2026 को शैक्षणिक सत्र 2025–2027 के अंतर्गत बी.एड, एम.एड एवं बी.पी.एड पाठ्यक्रमों में नामांकित छात्राओं के लिए इंडक्शन प्रोग्राम (दीक्षारंभ समारोह) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्मार्ट डिजिटल हॉल में किया गया।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की डीएसडब्ल्यू एवं डीन डॉ. किश्वर आरा तथा शिक्षा विभाग की समन्वयक डॉ. कामिनी कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं को शिक्षा और खेलकूद के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने, आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्त करने तथा अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं से सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ अपने भविष्य को आकार देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण विभागाध्यक्ष डॉ. संजय भुईयां एवं डॉ. सजित कुमार महतो द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुणिमा कुमारी सिंह और डॉ. सौरभ मंडल ने किया।
इस दौरान छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग और एरोबिक्स डांस की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. कविता एवं गोपाल चक्रवर्ती की अहम भूमिका रही।
कार्यक्रम में बी.एड, एम.एड और बी.पी.एड पाठ्यक्रमों की शैक्षणिक संरचना और भविष्य की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समापन सत्र में डॉ. त्रिपुरा झा एवं डॉ. हेमंत कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर बी.एड, एम.एड एवं बी.पी.एड के सभी सम्मानित व्याख्याता, शिक्षकेतर कर्मचारी, पत्रकार बंधु तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



