सड़क हादसों के बाद जागा प्रशासन, अवैध पार्किंग पर चला पुलिस का डंडाआदित्यपुर–कांड्रा मार्ग पर 30 भारी वाहनों का चालान, डेढ़ लाख जुर्माना


आदित्यपुर:- सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और हो रही मौतों के बाद आखिरकार जिला पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपनाते हुए एक्शन मोड में नजर आया। गुरुवार को आदित्यपुर–कांड्रा मुख्य मार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले भारी वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए इस विशेष यातायात अभियान के तहत कांड्रा से दुगनी मोड़ तक सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की जांच की गई। इस दौरान रामकृष्ण फोर्जिंग कंपनी के आसपास अवैध रूप से खड़ी करीब 30 मालवाहक गाड़ियों पर चालान काटा गया। यातायात पुलिस ने इन वाहनों से कुल डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि अवैध पार्किंग सड़क हादसों का बड़ा कारण बन रही है। ऐसे में नियमों की अनदेखी करने वाली कंपनियों और वाहन चालकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सड़क सुरक्षा है और इसके लिए किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि केवल चालान काटना ही नहीं, बल्कि दोपहिया, निजी वाहन और भारी वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जब लगातार हादसों में लोगों की जान जा रही थी, तब प्रशासन की सक्रियता पर सवाल उठते रहे। अब कार्रवाई शुरू होने से लोगों को राहत जरूर मिली है, लेकिन आमजन की मांग है कि यह अभियान केवल औपचारिक न रहे, बल्कि नियमित और स्थायी रूप से जारी रखा जाए।



