मिर्जापुर के चुनार स्टेशन पर कालका मेल से आधा दर्जन श्रद्धालु कटे


मिर्जापुर :उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बुधवार की सुबह दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। रेलवे स्टेशन चुनार पर बुधवार की सुबह ट्रेन से उतरकर लाइन पार करते समय कालका मेल की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में शव क्षत-विक्षत हो गया। मौके पर पहुंचे जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने शवों को रेलवे लाइन से हटवाकर किसी तरह से शिनाख्त कराया। मौके पर अन्य अधिकारी पहुंचे।रेलवे स्टेशन चुनार पर सुबह सवा नौ बजे यात्री गोमो प्रयागराज एक्सप्रेस से उतरकर गलत दिशा से लाइन पार कर रहे थे। उसी समय प्लेटफॉर्म नंबर तीन से गुजर रहे कालका मेल की चपेट में आ गए। सभी यात्री कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए आ रहे थे।मिर्जापुर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के कमरिया गांव निवासी सविता (उम्र 28 वर्ष) पत्नी राजकुमार, साधना पुत्री विजय शंकर (उम्र 16 वर्ष), शिवकुमारी पुत्री विजय शंकर (उम्र 12 वर्ष), अंजू पुत्री श्याम प्रसाद (उम्र 20 वर्ष), पडरी निवासी सुशीला देवी (उम्र 60 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय मेवालाल और सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के बसवा गांव निवासी कलावती देवी (उम्र 21 वर्ष) पत्नी जनार्दन चोपन प्रयागराज पैसेंजर से चुनार स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर उतरे थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं.कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल ने हादसे को लेकर शोक जताया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘आज संसदीय क्षेत्र मीरजापुर के चुनार रेलवे स्टेशन की हृदय विदारक घटना से मन बहुत व्यथित है। जिले के अधिकारीगण को तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने तथा घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देशित किया है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतृप्त परिजनों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें।




