पाकिस्तान से जल्द हो सकता है युद्ध : थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी


नई दिल्ली — भारत के थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान से निकट भविष्य में दोबारा युद्ध होने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि अगला युद्ध जल्द हो सकता है और हमें उसी के अनुसार तैयारी करनी होगी। इस बार यह लड़ाई सभी को मिलकर लड़नी होगी।

जनरल द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि इस अभियान के दौरान सरकार ने सेना को पूरी तरह फ्री हैंड दिया था। उन्होंने बताया, “हम चेस खेल रहे थे। हमें दुश्मन की अगली चाल का अंदाजा नहीं था, और न ही उन्हें हमारी रणनीति का पता था। यही ग्रे जोन है, जहां पारंपरिक तरीके से ऑपरेशन नहीं होते।”
उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को उत्तरी कमान के दौरे के दौरान ऑपरेशन की प्लानिंग की गई, जिसके तहत 9 में से 7 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया और कई आतंकियों का सफाया हुआ। इसके बाद 29 अप्रैल को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
जनरल द्विवेदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह नाम पूरे देश को जोड़ने वाला प्रतीक बन गया। उन्होंने बताया, “पूरा देश पूछ रहा था कि इसे क्यों रोक दिया गया? इसका भरपूर जवाब दिया गया है, और यह अभियान सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।”



