नक्सली मंगल-मालती की निशानदेही पर 2 राइफल और 232 कारतूस बरामद, पहाड़ों पर चला सर्च ऑपरेशन

जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदनीपुर जिला के सालबनी थाना क्षेत्र से बीते 19 सितंबर को पकड़े गये 5 लाख के इनामी नक्सली समीर महतो उर्फ मंगल और उसकी पत्नी 2 लाख की इनामी महिला नक्सली मालती मुर्मू की निशानदेही पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने हथियार व गोला-बारूद बरामद किया है। बुधवार को कोलकाता एसटीएफ, झारखंड और छत्तीसगढ़ पुलिस तथा कोबरा बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाया। चाकुलिया प्रखंड की बर्डीकानपुर कालापाथर पंचायत के जोभी गांव के समीप जमीरा पहाड़ पर भारी बारिश के बीच टीम करीब 2 से 3 किलोमीटर पैदल चली। पहाड़ पर गड्ढा खोदकर प्लास्टिक में लपेटकर छिपाये गये हथियार बरामद किये गये। जानकारी के अनुसार, मालती इंसास राइफल और समीर महतो उर्फ मंगल एके-47 लेकर चलते थे।


एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी और कुदलूंग पहाड़ में भी बुधवार सुबह पांच बजे से शाम चार बजे तक भाकपा माओवादी के खिलाफ सघन सर्च अभियान चलाया गया। मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर दुर्गम जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों के संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गयी। कुड़लुंग पहाड़ एमजीएम से एक इंसास राइफल, 85 चक्र गोली, तीन मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गयी, जबकि जोभी जंगल चाकुलिया से एक एकेएम राइफल, 147 चक्र गोली और दो मैगजीन मिले। इस तरह अभियान में कुल 02 राइफल, 232 चक्र गोली, पांच मैगजीन और एक सीलिंग बरामद की गयी।समीर महतो उर्फ मंगल और मालती मुर्मू पहले माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य और लालगढ़ आंदोलन के अगुवा कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के बॉडीगार्ड थे। वर्ष 2011 की मुठभेड़ में किशनजी के मारे जाने के बाद दोनों बंगाल स्टेट कमेटी के सचिव असीम मंडल के सुरक्षा दस्ते में शामिल हो गये और बाद में बंगाल से झारखंड की ओर आ गये। असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों के ठिकानों का सुराग मिलने की बात कही गयी है। संयुक्त अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम इंस्पेक्टर सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार, एसआई सुगना मुंडा, एएसआइ मजीउद्दीन, कोबरा 209 टीम, कोबरा 203 टीम, झारखंड जगुआर और कोलकाता एसटीएफ के इंस्पेक्टर इश्तियाक अहमद समेत अन्य शामिल थे। बरामद हथियार और गोला-बारूद को जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।


