हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस की छापेमारी से टली बड़ी वारदात


जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रिगल चौक के पास से एक युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक हथियार लेकर इलाके में घूम रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह मस्जिद रोड निवासी आकाश गोराई उर्फ छोटू (24) को पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि उसके साथ हेते बाबा उर्फ विकास सिंह और बंटी सिंह भी मौजूद थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस का मानना है कि तीनों आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। फिलहाल बिष्टुपुर थाना में आकाश गोराई समेत तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।



