यूपी-बिहार के लोगों को योगी सरकार की सौगात,


यूपी: नारायणी नदी के दोनों तरफ बसे यूपी-बिहार के लोगों के लिए प्रदेश सरकार ने नववर्ष की सौगात दी है। खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय की ओर से किए गए प्रयास फलीभूत होने लगे हैं। भैंसहा घाट पर प्रस्तावित पुल को शासन की व्यय वित्त समिति (ईएफसी) ने स्वीकृति स्वीकृति दे दी है। लगभग 715.73 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह दियारा क्षेत्र में विकास की राह खोलेगा। यूपी-बिहार व नेपाल तक का आवागमन आसान हो जाएगा।उत्तर प्रदेश शासन के अनु सचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव की ओर से लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष को पत्र भेज कर आगे की कार्यवाही शुरू करने को कहा है। पत्र का हवाला देते हुए विधायक ने बताया कि भैसहा घाट पर पुल का निर्माण हो जाने से खड्डा विधानसभा क्षेत्र के लोगों का सपना पूरा होगा।दियारा के लोगों का बरसात में नावों पर निर्भरता से राहत मिलेगी। बेहतर आवागमन की सुविधा से किसानों, मजदूरों, छात्रों और व्यापारियों के लिए विकास का नया द्वार खुलेगा। दियारा के जवाहर, रमेश शुक्ला, राकेश गुप्ता, राजेश, बेचन, आनंद कुशवाहा, इजहार अंसारी ने विधायक को साधुवाद दिया।




