मुंबई की टीम के लिए खेलेंगे यशस्वी जायसवाल,


नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक सीनियर अधिकारी ने रविवार को इस खबर की पुष्टि की। जायसवाल हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार शतक जड़कर लौटे हैं।एमसीए अधिकारी ने क्रिकबज को बताया, ‘उन्होंने SMAT अभियान के लिए खुद को उपलब्ध कराया है।’ यह खबर मुंबई के फैंस के लिए बड़ी राहत है, क्योंकि जायसवाल की मौजूदगी टीम को और मजबूत बनाएगी। मौजूदा चैंपियन मुंबई, जिसकी कप्तानी शार्दुल ठाकुर कर रहे हैं, इस समय लखनऊ में है और Elite Group A में टॉप पर चल रही है। टीम का आखिरी लीग मैच 8 दिसंबर को ओडिशा के खिलाफ है। इंटरनेशनल मैचों के कारण जायसवाल पिछली बार इस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाए थे। उन्होंने अब तक 28 T20 मैचों में 27 के औसत और 136.42 के स्ट्राइक रेट से 648 रन बनाए हैं।जायसवाल के लिए यह टूर्नामेंट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय चयन समिति ने उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली आगामी पांच मैचों की T20I सीरीज से आराम दिया है। टूर्नामेंट का अगला चरण, सुपर लीग 12, 14 और 16 दिसंबर को पुणे में खेला जाएगा, जिसमें सभी Elite Groups की टॉप दो टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 18 दिसंबर को होगा। जायसवाल की वापसी उनकी हालिया फॉर्म को देखते हुए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हालिया वनडे मैच में 116 रन की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली थी, जिससे भारत ने सीरीज 2-1 से जीती थी।




