जमशेदपुर बॉर्डर इलाके में महिला स्मगलर गिरफ्तार, 16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ी गई


जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली थाना क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 16 ग्राम ब्राउन शुगर, एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी (नंबर JH05DJ-2883) जब्त की है।

हालांकि इस दौरान आदित्यपुर निवासी ब्राउन शुगर सप्लायर मोहम्मद फिरदौस (उम्र लगभग 27 वर्ष) अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। कपाली थाना प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार गुप्त सूचना मिल रही थी कि आदित्यपुर का एक युवक कपाली क्षेत्र में ब्राउन शुगर की सप्लाई कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। मौके से मादक पदार्थ समेत अन्य सामान बरामद किए गए।
जांच के क्रम में पुलिस को इस अवैध धंधे में एक महिला पेडलर रेशमा परवीन (उम्र लगभग 44 वर्ष) और उसके पति मोहम्मद परवेज अंसारी की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेशमा परवीन को कपाली के हासांडूंगरी, काला ईद भट्टा के पास स्थित एक किराए के मकान से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में रेशमा परवीन ने स्वीकार किया कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती, रोड नंबर-एच निवासी मोहम्मद फिरदौस उसे ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था, जिसे वह कपाली इलाके में बेचती थी। पुलिस के अनुसार महिला मूल रूप से आदित्यपुर की रहने वाली है और पिछले करीब तीन महीनों से कपाली में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि जब्त ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी के साथ कई सब-इंस्पेक्टर, टाइगर के जवान और अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



