वकीलों में जोश: स्टेट बार काउंसिल चुनाव में जमशेदपुर से 2212 अधिवक्ता करेंगे मतदान


जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 23 सदस्यीय पदों के लिए गुरुवार को राज्य भर के विभिन्न न्यायालय परिसरों में मतदान शुरू हो गया है, और जमशेदपुर से कुल 2212 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वोटिंग सुबह 10 बजे से चल रही है, जहां अधिवक्ता कतार में खड़े होकर क्रमबद्ध तरीके से वोट डाल रहे हैं। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं रखी गई हैं और हर मतदान केंद्र पर सीसीटीवी निगरानी भी है। दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक लंच के लिए मतदान अस्थायी रूप से बंद रहेगा, उसके बाद फिर से वोटिंग जारी होगी। मतदान के बाद सभी पैटियों को सुरक्षित रूप से रांची भेजा जाएगा, जहां स्ट्रांग रूम में रखे जाने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी, हालांकि मतगणना की तारीख फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। इस चुनाव में पूरे राज्य से 100 उम्मीदवार मैदान में हैं और जमशेदपुर से लगभग 12 अधिवक्ता चुनाव लड़ रहे हैं। अधिवक्ताओं का मानना है कि बार काउंसिल का गठन उनके अधिकारों की रक्षा और पेशे से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक है, इसलिए इस चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।




