भाजपा ने झारखंड में विकास के लिया क्या किया : चम्पई सोरेन


गम्हरिया।मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड की जनता बताएं कि केंद्र की भाजपा सरकार ने राज्य में क्या विकास किया है। यहां की जनता किस आधार पर उन्हें वोट दे। भाजपा भारतवर्ष में लोकतंत्र को समाप्त करना चाहती है। वह झारखंड की पहचान और उसका अस्तित्व को मिटाना चाहती है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को सरायकेला विधानसभा के गम्हरिया स्थित होटल एवेन्यू में आदित्यपुर नगर कमेटी के बूथ स्तरीय संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं को अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपनी जमीर और जमीन बचाने के लिए हर कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और शक्ति के साथ संगठन के लिए समर्पित होना होगा। यहां के सभी कार्यकर्ताओं को अपनी निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करना होगा। कहा कि भाजपा ने झारखंड की जनता के साथ दगाबाजी किया है। रोजगार देने की बात कहकर युवाओं को दिग्भ्रमित किया। मुट्ठीभर पूंजीपतियों के इशारे पर भाजपा काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की उलगुलान रैली देश ही नहीं विश्व में ऐतिहासिक होगा। इस रैली के माध्यम से देशवासियों को अपने देश बचाने का एक बड़ा संदेश जाएगा। देश से भाजपा की तानाशाही को उखाड़ फेंकने का प्राण लिया जायेगा। उन्होंने बूथ कमेटी के अध्यक्षों को एक बूथ से कम से कम सौ कार्यकर्ताओं के साथ रैली में शामिल होने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन सरकार ने राज्य की जनता को रोटी, कपड़ा और मकान के साथ सम्मान देकर जीने का अधिकार दिया है। जबकि भाजपा ने यहां की जनता को रुला कर कभी आंसू पोछने तक का काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। उनके प्रयास एवं सहयोग से ही हम सभी 14 सीटों पर निश्चय ही जीत हासिल करेंगे। इससे पूर्व छोटा गम्हरिया स्थित डॉल्फिन होटल में ग्रामीण क्षेत्र के पंचायत स्तरीय बूथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर लोगों को गठबंधन सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराने की अपील की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शुभेंदु महतो, 20 सूत्री अध्यक्ष छाया कांत गोराई, रंजीत प्रधान आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष दीपक मंडल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में रामदास टुडू, गोपाल महतो, पीतवास प्रधान, अमृत महतो, जगदीश महतो, राम हांसदा, मंगल मांझी, आकाश दास, परमेश्वर प्रधान, नगर सचिव संजय दास, पिंकी मंडल, बीटी दास, दीपक नायक, राजेश गोप, बनमाली दास आदि उपस्थित थे।


