जमशेदपुर के समाजसेवी डॉ अवधेश कुमार पाठक नहीं रहे


जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा निवासी, टाटा स्टील के अवकाश प्राप्त कर्मचारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 78 वर्षीय स्व. डॉ. अवधेश कुमार पाठक का मंगलवार सुबह 6 बजे टाटा मेन अस्पताल में निधन हो गया। वे बीएससी (ऑनर्स), एमएससी तथा डीएचएमएस (कॉस्ट अकाउंटेंसी) थे और टाटा स्टील के केमिकल लैब में स्थायी कर्मचारी रहकर सेवानिवृत्त हुए।
नौकरी के दौरान और उसके बाद वे आरएसएस से जुड़े सरस्वती विद्या मंदिर, जम्मू-कश्मीर अध्ययन केंद्र, स्वदेशी मेला आयोजन समिति,परशुराम परिवार संगठन तथा टिस्को एक्स-इम्प्लाई एसोसिएशन के संस्थापक महासचिव के रूप में सक्रिय रहे। एक माह से अस्वस्थ होने के कारण वे टीएमएच में भर्ती थे।
अपने पीछे वे दो पुत्र, दो पुत्रवधू, दो पुत्री, दो दामाद, एक छोटे भाई सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी शव यात्रा 5 फरवरी गुरुवार को दोपहर 12 बजे कदमा भाटिया बस्ती स्थित आवास से पार्वती घाट के लिए निकलेगी। झारखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता रविंद्र नाथ चौबे ने उनके निधन को जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति बताया।




