बिना सूचना बूथ बदलने से मतदाताओं में भ्रम, जमशेदपुर में वोटर परेशान


जमशेदपुर :नगर निकाय चुनाव के बीच जमशेदपुर के कई मतदाताओं को अपने मतदान बूथ बदल दिए जाने की सूचना नहीं मिल पाने से परेशानी हो रही है। कई लोग सुबह तय बूथ पर पहुंचे, लेकिन मतदान सूची में उनका नाम नजर नहीं आया और उन्हें बताया गया कि उनका बूथ बदल दिया गया है। डिमना इलाके के आरवीएस अकादमी बूथ पर सुबह बड़ी संख्या में लोग मत देने आए, लेकिन जांच में पाया गया कि उनके बूथ का स्थान बदल दिया गया है। कई वरिष्ठ नागरिक और अन्य मतदाता पुराने रिकॉर्ड के अनुसार उसी केंद्र पर वोट देने आए थे, लेकिन वहां उनका नाम नहीं मिला। मतदाता अपने नाम सूची में होने के बावजूद निराश नजर आए क्योंकि उन्हें नए बूथ का पूरा पता या दिशा-निर्देश नहीं बताया गया था। इस वजह से कुछ लोग बिना वोट डाले वापस लौट गए। बूथ बदलने की जानकारी समय पर न मिलने से खासकर वृद्ध मतदाताओं को कठिनाई का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को बूथ बदलाव पर पहले से स्पष्ट सूचना देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अगर मतदाताओं को समय पर सही जानकारी मिलती, तो वे आसानी से अपने नए मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाल सकते थे। प्रशासन से इस संबंध में जल्द समाधान और सहायता की मांग की जा रही है।




