उषा मार्टिन विश्वविद्यालय के छात्र को 34 लाख रुपये सालाना का अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट


रांची : रांची स्थित उषा मार्टिन विश्वविद्यालय के बी.टेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) अंतिम वर्ष के छात्र बिपुल आनंद कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन पोलैंड की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में हुआ है, जहां उन्हें 34 लाख रुपये वार्षिक पैकेज की पेशकश की गई है। यह विश्वविद्यालय को अब तक प्राप्त हुए उच्चतम अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट ऑफर्स में से एक माना जा रहा है।

इस उपलब्धि के साथ ही विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्लेसमेंट परिणाम दर्ज किए हैं। बी.टेक पाठ्यक्रम के छात्रों का चयन स्पार्कआईटी, कंसेंट्रिक्स, आउटर ऑर्बिट, इन्फिनिट नेट सॉल्यूशंस और क्यू-स्पाइडर जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है।
डिप्लोमा पाठ्यक्रम के छात्रों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। कुल 57 छात्रों का चयन टीवीएस ट्रेनिंग एंड सर्विसेज में हुआ, जबकि 4 छात्रों को जीई एयरोस्पेस में अवसर मिला।
प्रबंधन संकाय के छात्रों को भी विभिन्न कंपनियों में नियुक्तियां मिलीं। इनमें स्पार्कआईटी, टेनहैड, साव एजुकेशन और रेनैक्स शामिल हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विज्ञान संकाय के 300 से अधिक छात्रों को इंटर्नशिप और क्लिनिकल पोस्टिंग के लिए भेजा गया, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि ये परिणाम उद्योगोन्मुख शिक्षा, कौशल विकास और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर निरंतर दिए जा रहे जोर का प्रमाण हैं।



