सासाराम में स्ट्रांग रूम पर हंगामा,ट्रक अचानक मतगणना स्थल के अंदर घुस गया


बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में बने मतगणना स्थल पर बुधवार की मध्य रात्रि को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ट्रक अचानक स्ट्रांग रूम परिसर के अंदर घुस गया। ट्रक को मतगणना परिसर के अंदर जाते देख मौके पर मौजूद कई प्रत्याशियों के समर्थक हंगामा करने लगे। लोगों ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर के लिए वहां अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने भी हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया, हालांकि पुलिस ने इस आरोप से इनकार किया है।हंगामे की सूचना मिलते ही जिला अधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर ट्रक की जांच की, जिसमें खाली बक्से पाए गए। डीएम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है, और यदि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी रौशन कुमार ने लाठीचार्ज के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।
घटना के बाद अफवाह फैल गई कि स्ट्रांग रूम में ईवीएम बदली जा रही है। इस अफवाह के बाद सातों विधानसभा क्षेत्रों के कई प्रत्याशी देर रात घटनास्थल पर पहुंच गए। कई प्रत्याशी अपने भारी समर्थक दल के साथ रातभर मतगणना स्थल के बाहर जमे रहे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते रहे।पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी के बावजूद ट्रक का परिसर में प्रवेश होना महागठबंधन के लिए बड़ा मुद्दा बन गया. प्रत्याशियों ने प्रशासन की नियत पर सवाल खड़े किए।.राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह ने कहा, “अधिकारियों को फोन किया तो सुबह मिलने की बात कही. किसके इशारे पर यह खेल हो रहा है? हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे.: महागठबंधन के प्रत्याशी दावा कर रहे हैं कि रोहतास की सातों सीटों पर वे जीत रहे हैं और NDA का सुपड़ा साफ होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि हार की आशंका से EVM बदलने की कोशिश की जा रही है. दिनारा के राजेश यादव ने कहा, “यह सरासर धांधली है, हम लोकतंत्र की रक्षा करेंगे.”14 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले यह घटना जिले में राजनीतिक तनाव बढ़ा रही है. प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतगणना का आश्वासन दिया है, लेकिन प्रत्याशियों का धरना और आरोप-प्रत्यारोप से माहौल गरमाया हुआ है.




