भिखारी के भेष में चोरी, बच्चों को ढाल बनाकर घर में घुसीं दो महिलाएं,


Jamshedpur: सीतारामडेरा थाना अंतर्गत भालूबासा काली मंदिर रोड नंबर-9 इलाके में शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भिखारी के भेष में आई दो महिलाओं को चोरी की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. हैरानी की बात यह रही कि दोनों महिलाएं अपने साथ गोद में छोटे-छोटे बच्चों को लिए हुई थीं, जबकि उनके साथ एक 5 से 6 वर्ष का बच्चा भी मौजूद था, जिससे किसी को उन पर संदेह नहीं हुआ.सुबह के समय एक घर का मुख्य गेट खुला देखकर दोनों महिलाएं अचानक घर के अंदर घुस गईं. घर में प्रवेश करते ही उन्होंने अलमारी खोलकर मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान चोरी करने की कोशिश शुरू कर दी.घर के सदस्यों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया. खुद को फंसा देख महिलाएं गरीब और मजबूर होने की दुहाई देने लगीं. शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई.




