कंबलों की रस्सी बना फरार हो गए दो कैदी,


कन्नौज:यूपी के कन्नौज की जेल में ऐसा खेल हुआ कि प्रशासन के होश उड़ गए. रविवार रात अनौगी स्थित जिला जेल की ऊंची दीवारें दो बंदियों के लिए कोई अड़चन नहीं रहीं. कंबलों को रस्सी बनाकर उन्होंने 22 फीट ऊंची दीवार को भी फांद दिया और जेल से फरार हो गए. कैदियों के जेल से भागने का पता तब चला जब सोमवार सुबह कैदियों की गिनती हुई, कैदियों के भागने की खबर मिलते ही पूरे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. लापरवाही के आरोप में जेलर, डिप्टी जेलर समेत पांच कर्मियों को नाप दिया गया.जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार खुद जिला जेल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच शुरू कर दी. जेल प्रशासन से लेकर सुरक्षा कर्मियों तक से पूछताछ की जा रही है. फरार कैदियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जबकि आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है.पूरा मामला उस वक्त सामने आया जब दोपहर जेल में बंद कैदियों को बाहर निकालने के दौरान उनकी नियमित गिनती की जा रही थी. गिनती के दौरान दो कैदी कम पाए गए. पहले तो जेल कर्मियों को किसी तरह की भूल या रिकॉर्ड की गड़बड़ी की आशंका हुई, लेकिन जब बैरक की तलाशी ली गई तो मामला साफ हो गया. दोनों कैदी बैरक से गायब थे. इसके बाद तत्काल जेल परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला. जांच आगे बढ़ी तो जेल की पिछली दीवार के पास कंबल से बनी रस्सी और दीवार पर चढ़ने के निशान मिले. यहीं से यह साफ हो गया कि दोनों कैदी योजनाबद्ध तरीके से दीवार फांदकर फरार हुए हैं.
फरार कैदियों की पहचान तालग्राम थाना क्षेत्र के निवासी अंकित और ठठिया थाना क्षेत्र के डिम्पी के रूप में हुई है. अंकित को जून माह में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार कर जिला जेल भेजा गया था, जबकि डिम्पी दिसंबर माह से पॉक्सो एक्ट के तहत जेल में बंद था. दोनों को एक ही बैरक में रखा गया था, जिससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि फरारी की योजना पहले से बनाई गई थी. जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों कैदियों ने कई दिनों में धीरे-धीरे कंबल को काटकर उसके टुकड़े किए और उन्हें आपस में जोड़कर एक मजबूत रस्सी तैयार की. किसी को शक न हो, इसके लिए उन्होंने बेहद सतर्कता बरती. जेल प्रशासन की नजरों से बचते हुए दोनों ने इस योजना को अंजाम दिया.




