शादी से लौटते समय दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, देवघर के दो लोगों की मौत


देवघर : झारखंड की सीमा से सटे बिहार के जमुई जिले में देवघर-चकाई सड़क पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोहनपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में देवघर के दो लोगों की मौत हो गई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन सीधे सड़क किनारे पेड़ से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सीट समेत कई अंदरूनी हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए।
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कार सवार देवघर जिले के कृष्णापुरी मोहल्ला के निवासी थे। वे बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धदौर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी संपन्न होने के बाद वे अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
मृतकों की पहचान कृष नंदन सिंह और रिंकू देवी के पति ललन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही परिवार के सदस्य थे।
पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



